सेंट गैब्रियल एंड मोनिका स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

सेंट गेब्रियल एंड मोनिका स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

रांची,। सेंट गेब्रियल एंड मोनिका स्कूल, एदलहातू मोराबादी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुषमा केरकेट्टा ने विद्यार्थियों को योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि योग बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है तथा उन्हें प्रतिदिन योग करने की आदत विकसित करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ताड़ासन, चक्रासन, भ्रामरी प्राणायाम एवं अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। प्राचार्या ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चे मोबाइल, टीवी और कंप्यूटर स्क्रीन पर अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं, जिसके कारण उनकी शारीरिक गतिविधियां लगातार कम होती जा रही हैं। ऐसे में योग बच्चों को सक्रिय रखने, शरीर में लचीलापन बढ़ाने, मांसपेशियों को मजबूत बनाने तथा कार्यक्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का सरल एवं प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम 10 से 15 मिनट योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि यह उनके समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन का भी आधार है।
डॉ. केरकेट्टा ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से बच्चों में एकाग्रता, स्मरण शक्ति और अनुशासन का विकास होता है। पढ़ाई और प्रतियोगी गतिविधियों के दबाव के बीच योग मानसिक शांति प्रदान करता है। साथ ही यह बच्चों को सही मुद्रा में बैठना सिखाता है, तनाव कम करता है तथा खेलकूद एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों में उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में सहायक होता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। मौके पर स्कूल की शिक्षक और शिक्षकाएं उपस्थित थी।

Facebook
X
WhatsApp
Threads
Telegram
Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

आज की बड़ी खबरें