पहाड़ी मंदिर के समीप वाहनों के पार्किंग पर रोक, चिन्हित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करे
सावन का महीना चल रहा है। तीन अगस्त को पहली सोमवारी है। पहाड़ी मंदिर में कावरियों और श्रद्धालुओं भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। इस बार सावन में तीन, 10 ,17 और 24 अगस्त को सोमवार पड़ रहा है। वहीं 28 अगस्त को सावन का पूर्णिमा है। इसको देखते ट्रैफिक पुलिस ने सावन मेला के दौरान हर सोमवार और श्रावणी पूर्णिमा के दिन ट्रैफिक व्यवस्था में कुछ बदलाव किया है। इस दिन पहाड़ी मंदिर की तरफ जाने वाले सभी सड़कों पर वाहनों के आने जाने पर रोक रहेगी। शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर जानेवाले मार्ग , रातु रोड दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग, मीनाक्षी सिनेमा हॉल की तरफ से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग, बालाजी मंदिर की तरफ से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग और गोशाला की तरफ से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर सोमवार को वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

साथ ही सोमवार को बाहर से आने वाले वाहनों के लिए बिरला मैदान पार्किंग, बानो मंजिल रोड मैदान पार्किंग और मोराबादी मैदान स्थित रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्किंग की विशेष व्यवस्था जिला प्रशासन ने किया है। मालूम हो कि सावन मेला के दौरान नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी से कांवरिया अहले सुबह जल लेकर पहाड़ी मंदिर में भगवान शिव पर जलार्पण करते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा रहती है। महिलायें भी काफी संख्या में रहती है। इसलिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। संदिग्धों पर विशेष नजर रखी जायेगी। पहाड़ी मंदिर के पास पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।







