पैतृक गांव चिंगरी में होगा 28 सितंबर को जयंती समारोह, पूरे राज्य से आदिवासी समाज की होगी सहभागिता
रांची । टाना आंदोलन के प्रणेता एवं महान आदिवासी जननायक बाबा जतरा टाना भगत की जयंती 28 को उनके पैतृक गांव चिंगरी, बिशुनपुर में सादगी एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाई जाएगी।
जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर बाबा जतरा टाना भगत के पैतृक गाँव चिंगारी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की रूपरेखा, विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों की सहभागिता तथा आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जनार्दन टाना भगत ने कहा कि बाबा जतरा टाना भगत केवल टाना भगत समाज ही नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज के प्रेरणास्रोत रहे । उन्होंने सत्य, अहिंसा, स्वाभिमान और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। उनके संघर्ष, त्याग और विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष बाबा जतरा टाना भगत की जयंती उनके पैतृक गांव में सादगी और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। छोटानागपुर की धरती पर अंग्रेजी शासन के खिलाफ बाबा जतरा टाना भगत ने जिस साहस और दृढ़ता के साथ संघर्ष किया, वह आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।
समारोह में समाज के गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। झारखंड के विभिन्न जिलों से टाना भगत समाज के अनुयायी एवं सामाजिक प्रतिनिधि समारोह में शामिल होंगे।







