रामगढ़ सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का उदघाटन
रांची । राज्य के ग्रामीण विकास कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकारी कर्मियों को पीपुल फ्रेंडली रहने की जरूरत है , ताकि अपने काम को लेकर उम्मीद और विश्वास के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचने वाली जनता का सरकार के प्रति भरोसा कायम रहे । राज्य भर के प्रखंड सह अंचल कार्यालय सरकार का आईना है । ग्रामीण जनता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और विकास की दूरगामी सोच यहीं से प्रतिबिंबित होती है । यह बातें उन्होंने रामगढ़ सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के उदघाटन के मौके पर कही । इस मौके पर रामगढ़ विधायक ममता देवी विशेष रूप से मौजूद रहीं । मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि इस भवन के लिए स्थानीय विधायक का प्रयास प्रशंसनीय है । सरकारी योजना को धरातल पर समय सीमा के अंदर उतारने के लिए सरकारी भवन का होना जरूरी है । राज्य के सरकारी कार्यालय – अस्पताल – दूसरे विभागीय कार्यालय की कार्य संस्कृति ऐसी होनी चाहिए , जहाँ ग्रामीण जनता को जाने में कोई संकोच ना हो । जनता की सेवा करना सरकारी कर्मियों की जवाबदेही है । उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण जनता को प्रखंड कार्यालय तक कम से कम आने की व्यवस्था कायम करना है । इसी सोच के साथ डिजिटल पंचायत के सपने को साकार किया जा रहा है । अभी हाल ही में जाति – आवासीय प्रमाण पत्र के लिए कैंप लगाया गया था । दूसरे प्रमाण पत्र की प्राप्ति के लिए भी पंचायत स्तर पर ही सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है ।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि 15 वें वित्त आयोग का लंबित राशि लाने के लिए केंद्र सरकार के साथ काफी जद्दोजहद करना पड़ा । अब तक सभी पंचायतों को 35 लाख के करीब की राशि विकास योजना पर खर्च करने के लिए उपलब्ध हो चुकी है जबकि राज्य वित्त आयोग का पैसा पहुँचते ही ये राशि 50 लाख प्रति पंचायत से ऊपर चली जाएगी । DMFT मद से भी रामगढ़ सहित दूसरे जिलों में पेयजल सुविधा के लिए अतिरिक्त राशि दी जा रही है । उन्होंने कहा कि आज JSLPS से जुड़ी महिलाओं के काम का डंका राज्य या देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी बज रहा है । आम बागवानी से जुड़ी महिलाओं ने बेहतर रोजगार करते हुए दुबई तक अपनी पहचान स्थापित की है । इस मौके पर रामगढ़ विधायक ममता देवी ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि अब सरकारी फाइलें सुरक्षित रहेंगी । रामगढ़ क्षेत्र के लोगों को सरकारी काम के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा । उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय के कर्मियों को ऐसा काम करना होगा , जिससे गांव के लोग खुशी – खुशी अपने घर लौट सकें । इस मौके पर प्रखंड कार्यालय में लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया गया । प्रखंड कार्यालय परिसर में इस दौरान पौधा रोपण भी किया गया । भवन के उदघाटन के अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल , डीसी ऋतुराज , डीडीसी आशीष अग्रवाल , बीडीओ सीओ , सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और JSLPS से जुड़ी महिलाएं उपस्थित थी।








