7–8 अगस्त को जमशेदपुर में होगा युवा आजसू का दो दिवसीय प्रदेश अधिवेशन जमशेदपुर में
रांची। जमशेदपुर में दो दिवसीय युवा आजसू का प्रदेश अधिवेशन 7 एवं 8 अगस्त को होगा। अधिवेशन की तैयारियों को लेकर सोमवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, हरमू (रांची) में युवा आजसू के प्रदेश संयोजकों एवं पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने की।
बैठक में श्री महतो ने अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि यह अधिवेशन संगठन को नई ऊर्जा, नया नेतृत्व और नई दिशा देने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, वैचारिक स्पष्टता और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास आजसू की प्राथमिकता है। इस अवसर पर युवा आजसू के ऑनलाइन सदस्यता एवं पंजीकरण अभियान का शुभारंभ भी किया गया।
उन्होंने बताया कि 7 अगस्त को प्रतिनिधि सम्मेलन में संगठनात्मक विस्तार, भावी रणनीति एवं विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा होगी, जबकि 8 अगस्त को झारखंड आंदोलन के अमर सेनानी शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। साथ ही संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों की घोषणा की जाएगी।
बैठक में प्रचार-प्रसार, पंजीकरण, आवास, भोजन, परिवहन, अनुशासन एवं कार्यक्रम संचालन सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिवेशन में राज्यभर से पंचायत, प्रखंड, जिला, प्रदेश तथा शहरी निकायों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग लेंगे।

मीडिया से बातचीत में श्री महतो ने कहा कि राज्य में भर्ती घोटालों ने युवाओं का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल सीआईडी जांच के भरोसे मामले को ठंडे बस्ते में डालना चाहती है।
उन्होंने कहा कि सरकार यह भी स्पष्ट करे कि आगामी नियुक्तियां किस प्रकार पारदर्शी ढंग से होंगी और युवाओं को निष्पक्ष अवसर कैसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी छात्रों और युवाओं के संघर्ष के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। पार्टी का स्पष्ट एजेंडा है—पारदर्शी एवं कदाचार-मुक्त परीक्षाएं, न्यायपूर्ण रोजगार और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार।








