JUVNL में कर्मचारियों के GPF पर बड़ा सवाल, वर्षों से कटौती के बावजूद अग्रिम-निकासी की सुविधा बंद: अजय राय ने CMD को ई-मेल भेजकर मांगी उच्चस्तरीय जांच
राँची । झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड एवं इसकी अनुषंगी कंपनियों में पुरानी पेंशन योजना के तहत कार्यरत कर्मचारियों के जीपीएफ को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों के वेतन से वर्षों से प्रत्येक माह नियमित रूप से जीपीएफ की राशि काटी जा रही है, कर्मचारियों को जीपीएफ संख्या भी आवंटित है और राशि उनके खातों में प्रदर्शित होती है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमों के तहत मिलने वाली अग्रिम एवं निकासी की सुविधा से वंचित रखा जा रहा है।
झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने निगम के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक को ई-मेल के माध्यम से विस्तृत पत्र भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अजय राय ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन से जीपीएफ के नाम पर वर्षों से राशि काटी जा रही है, लेकिन जब कर्मचारी अपने ही जमा धन का नियमानुसार उपयोग करना चाहते हैं तो उन्हें सुविधा नहीं मिलती।








