मोहर्रम पर्व शांति पूर्वक सम्पन्न
रांची। रांची में मुहर्रम का जुलूस इस बार कुछ खास रहा। सभी समुदाय के लोग सड़क पर जुलूस के दौरान दिखे। कही कोई हुड़दंग होने का भय नहीं। सब कुछ शांति से मना। एक तरफ मेन रोड में मुहर्रम का जुलूस गुजर रहा था तो दूसरी तरफ हनुमान मंदिर में आरती हो रही थी । रात का समय था। देख कर बहुत अच्छा लगा। सब मिलजुलकर अपना अपना त्योहार मनाए। एक दूसरे का सहयोग से। प्रेम शांति से। इसका सबसे बड़ा योगदान रांची जिला प्रशासन का रहा। उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने विधि- व्यवस्था संधारण हेतु परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायलाल चौक), कर्बला चौक एवं महावीर चौक पर मुहर्रम जुलूस का देर रात तक लगातार निरीक्षण कर रहे थे।
जिला प्रशासन द्वारा परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक (फिरायलाल चौक) पर विशेष मंच का निर्माण कर जुलूस का निरीक्षण किया गया। जुलूस कर्बला चौक, महावीर चौक एवं फिरायालाल चौक होते हुए पूर्ण शांति के साथ सम्पन्न हुआ।
सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती और जिला प्रशासन की निरंतर निगरानी के कारण मोहर्रम पर्व पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न किया गया।
वहीं जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं धार्मिक संगठनों के सहयोग की सराहना की है।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, राकेश रंजन का संयुक्त रूप से विधि- व्यवस्था संधारण हेतु किया गया प्रयास सराहनीय रहा। मोहर्रम पर्व पूर्ण शांति पूर्वक सम्पन्न हो गया। अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) रांची, धन्यजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, कुमार रजत भी उपस्थित रहे। सर्व धर्म सद्भावना कमिटी के सदस्यों ने भी मंच पर उपस्थित होकर जुलूस का अवलोकन किया।
उपायुक्त, मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुहर्रम का पावन पर्व शांति, एकता और सद्भाव का प्रतीक है। जिला प्रशासन की व्यापक तैयारियों, सुरक्षा बलों की सतर्कता तथा जनता के सहयोग से यह पर्व बिना किसी अप्रिय घटना के शांति पूर्वक सम्पन्न हुआ।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने सभी नागरिकों एवं धार्मिक संगठनों को शांति बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें तथा भविष्य में भी प्रशासन के साथ इसी प्रकार सहयोग करते रहें।






