स्लोवाकिया में नमक और रोटी से हुआ पीएम मोदी का स्वागत

Bratislava, Slovakia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस की सफल यात्रा पूरी करने के बाद सोमवार को स्लोवाकिया पहुंचे, जहां राजधानी ब्रातिस्लावा में उनका भव्य और पारंपरिक स्वागत किया गया। स्लोवाकिया के गठन के बाद यह पहला अवसर है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री आधिकारिक दौरे पर वहां पहुंचा है, जिससे यह यात्रा ऐतिहासिक बन गई है।

ब्रातिस्लावा हवाई अड्डे पर स्लोवाकिया के विदेश एवं यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। इस दौरान स्लोवाक परंपरा के अनुसार उन्हें ‘रोटी और नमक’ भेंट किया गया, जिसे वहां सम्मान, मित्रता और आतिथ्य का सर्वोच्च प्रतीक माना जाता है।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इस बैठक को दोनों देशों के संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

द्विपक्षीय वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ स्मारक पर जाकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा उनके सम्मान में डेन्यूब नदी के किनारे विशेष हाई-टी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है।

शाम को प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के राष्ट्रपति के साथ राष्ट्रपति भवन में मुलाकात करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति की ओर से उनके सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री के स्वागत को और यादगार बनाने के लिए स्लोवाकिया के प्रसिद्ध सांस्कृतिक समूह ‘लुसनिका एन्सेम्बल’ ने ‘वंदे मातरम्’ की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में भारतीय और स्लोवाक सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रधानमंत्री मोदी ने कलाकारों से मुलाकात कर उनकी प्रस्तुति की सराहना भी की।

वहीं, स्लोवाकिया में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों में प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने ‘मोदी-मोदी’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत और स्लोवाकिया के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Facebook
X
WhatsApp
Threads
Telegram
Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *