रांची जिले में वर्ष 2026-27 के लिए कुल 16,780 साइकिलों के वितरण की स्वीकृति दी गई है।
रांची। झारखंड सरकार बच्चों के शिक्षा को बढ़ावा देने, ड्रॉप आउट कम करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए संचालित योजनाओं के तहत रांची में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कल्याण मंत्री चमरा लिण्डा ने TVS CM SOE जगन्नाथपुर, रांची 10 विद्यालयों के 693 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया। साइकिल पा कर छात्र छात्राएं काफी खुश नजर आ थी।
मौके पर मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसी उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए छात्रों को कोटा के प्रतिष्ठित संस्थानों में विशेष कोचिंग की व्यवस्था कर रही है, ताकि छात्र अपने सपनों को साकार कर सकें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं को विद्यालय की दूरी के कारण पढ़ाई में कठिनाई होती है, उनके लिए यह योजना बेहद उपयोगी साबित होगी और ड्रॉपआउट दर को कम करने में मदद मिलेगी।
बता दें अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत राज्य के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 8 में अध्ययनरत विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। रांची जिले में वर्ष 2026-27 के लिए कुल 16,780 साइकिलों के वितरण की स्वीकृति दी गई है।






