राँची। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण महतो बगीचा, रामचंद्रनगर, लालगुटवा क्षेत्र के स्थानीय निवासी परेशान है। आये दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पैदल चलना दुर्भर हो गया है। वहीं सड़क की जर्जर एवं बदहाल स्थिति के विरोध में स्थानीय लोगों ने अनोखा सांकेतिक प्रदर्शन किया। वर्षों से सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर बने गड्ढों में “मछली पालन” कर अपना प्रतीकात्मक विरोध प्रकट किया।
स्थानीय लोगों का आराेप है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों का ध्यान कई बार इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत या निर्माण के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। बरसात के दिनों में सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे आम लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। मौके पर मोहन प्रसाद, दिलीप सिंह, राजेश महतो, सुल्लू राज यादव, संतोष महली, तरुण महली, सुजीत महली, जगदीश उरांव, नीरज सिन्हा, वीरेंद्र लोहरा उर्फ बिट्टू, दीपक सिंह, कृष्णा शर्मा, सुमित सिन्हा, अनुप प्रजापति, बृजेश सिंह, विकास कुमार, श्रीकांत भारती, राजेश वर्मा, कुलदीप वर्मा, महावीर सिंह, ललन जायसवाल, प्रभात ठाकुर, मृत्युंजय त्रिवेदी, सत्यजीत विश्वास, शंभु कुमार, गुड्डू कुमार उर्फ राज राहुल, पवन देवघरिया, संतोष प्रजापति, सुनील पाल, मनोज साहू, रंजीत राणा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।








