जुगसलाई में बाढ़ की स्थिति, नौशीन खान और हिदायतुल्लाह खान ने प्रभावित लोगों से की मुलाकात, राहत कार्य तेज

प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, साफ पानी और अस्थायी रहने की व्यवस्था

जमशेदपुर: प्रदेश में मानसून सक्रिय है। मुसलाधार बारिश होने से डैम, नदी और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं डैम से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण जमशेदपुर में स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। जुगसलाई, मानगो, बिष्टुपुर, सोनारी और आदित्यपुर सहित कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। स्थिति को देखते हुए जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान और झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने हबीब नगर, गरीब नवाज कॉलोनी सहित जुगसलाई के कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। दोनों ने प्रभावित लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर स्थिति का जायजा लिया।


गरीब नवाज कॉलोनी का बड़ा हिस्सा बाढ़ के पानी की चपेट में है। कई घरों में पानी घुस चुका है और लोग सुरक्षित जगह की तलाश में हैं। कई परिवार तिरपाल लगाकर रहने को मजबूर हैं।
इस मुश्किल समय में नौशीन खान और हिदायतुल्लाह खान ने प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर राहत कार्यों की जानकारी ली। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पीने का साफ पानी और अस्थायी रहने की व्यवस्था की जा रही है। जिन घरों में पानी घुस गया है, वहां रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
नौशीन खान ने मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि प्रभावित इलाकों में जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया।
नौशीन खान ने कहा कि स्थिति काफी गंभीर है और हमारी कोशिश है कि जितना संभव हो सके, प्रभावित लोगों की मदद की जाए। खासकर निचले इलाकों में स्थिति ज्यादा खराब है। लोगों के रहने, खाने और पीने की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद की ओर से प्रभावित इलाकों में रोशनी की व्यवस्था की गई है। जहां अभी भी अंधेरा है, वहां भी जल्द रोशनी का इंतजाम किया जा रहा है। हर घर तक खाना पहुंचाने की कोशिश की जा रही है और जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, राहत कार्य जारी रहेगा।
वहीं, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि अपनी ओर से जितनी मदद संभव है, वह की जा रही है। जो लोग खाना नहीं बना पा रहे हैं, उनके घर तक खाना पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह इंसानियत और सेवा का काम है। ऐसे मुश्किल समय में अपने लोगों की मदद करना हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि जिले के उपायुक्त (DC) से भी स्थिति को लेकर बात की गई है। साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी से भी संपर्क किया गया है। अधिकारियों को पत्र के माध्यम से भी बाढ़ की स्थिति की जानकारी दी गई है, ताकि प्रभावित इलाकों में सरकारी मदद और राहत कार्य को और तेज किया जा सके।
हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि गरीब नवाज कॉलोनी सहित आसपास के इलाके बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। नगर परिषद की अध्यक्ष के निर्देश पर सरकारी स्तर पर जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं और अपनी ओर से भी प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने की कोशिश जारी है।
दौरे के दौरान प्रभावित परिवारों ने मुश्किल समय में उनके बीच पहुंचने और राहत कार्य शुरू कराने के लिए नौशीन खान और हिदायतुल्लाह खान का आभार जताया।

Facebook
X
WhatsApp
Threads
Telegram
Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

आज की बड़ी खबरें

विश्व आदिवासी महोत्सव केवल सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव नहीं , बल्कि यह आदिवासी समुदाय की परंपराओं, कला, संगीत, नृत्य एवं जीवन शैली को व्यापक मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर: मंजूनाथ भजन्त्री