बावरी फिरकी’ ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल एग्जीबिशन का शुभारंभ
‘बावरी फिरकी’ ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल एग्जीबिशन का शुभारंभ
रांची। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची में दो दिवसीय‘बावरी फिरकी’ ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल एग्जीबिशन का शुभारंभ किया।
मौके पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि उद्यमशीलता, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेष कर महिलाओं और युवाओं के हुनर को मंच देने, उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनके उद्यम को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने ने कहा कि पर्व त्योहारों के इस मौसम में राजधानी के लोगों के लिए यह प्रदर्शनी एक बेहतर विकल्प है। ऐसे आयोजनों का लोगों को हमेशा इंतजार रहता है। यह महिला उद्यमिता से जुड़ा हुआ मंच है, जहां आभूषण से लेकर लाइफस्टाइल तक के बेहतर उत्पाद उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोग यहां आकर अपनी पसंद के बेहतर उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं और अपनी खरीदारी की संतुष्टि के साथ महिला उद्यमिता को भी बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी महिला उद्यमी के उत्पाद की खरीदारी केवल एक वस्तु की खरीद नहीं, बल्कि उसके हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भर बनने के प्रयास को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है।
मंत्री ने कहा कि झारखंड की महिलाओं और युवाओं के हुनर को पहचान मिले, उनके उत्पादों को बाजार मिले और उनके उद्यम को आगे बढ़ने का अवसर मिले, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सशक्त हुनर, बेहतर अवसर और आत्मनिर्भर झारखंड इसी दिशा में हमारी प्राथमिकता है।








