रांची। जन-शिकायत समाधान कार्यक्रम काफी लोकप्रिय हो रहा है। आम लोग अपनी शिकायतें सीधे लेकर थाना पहुंच रहे हैं। पुलिस भी काफी संवेदनशील हो गयी हैं। आम जनता के शिकायतों को गंभीरता से ले रही है। शिकायतों का त्वरित समाधान भी कर रही है। वहीं 28 अक्टूबर को राँची जिले के विभिन्न थाना,ओ०पी० में आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में 236 फरियादी अपनी फरियाद लेकर थाना पहुंचे। कार्यक्रम में वरीय पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी द्वारा थाना / ओ०पी० में आमजनों से मिलकर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया गया। वहीं जनशिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत विभिन्न थानों में फरियादियों से करीब 236 मामले / आवेदन प्राप्त हुए जिसपर 184 मामलों में त्वरित करवाई करते हुए शिकायतों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया साथ ही जमीन विवाद, छेड़खानी, चोरी, मारपीट आदि के संवेदनशील मामलों में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार विभिन्न थानों में कुल 10 प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान कार्य प्रारंभ किया गया है। शेष मामलों में गुणवत्तापूर्ण जाँच की जा रही है।



