मां का आगमन गज पर
रांची। शारदीय नवरात्र 11 अक्तूबर से शुरू हो रहा है। मां दुर्गा का आगमन इस बार गज पर हो रहा है , जो काफी शुभ माना जाता है। इस दिन कलश स्थापना के साथ ही मां दुर्गा की आराधना शुरू हो जाती है। देवी की आराधना 10 दिनों तक होगी। पंडित अमलेश चंद्र मिश्रा के अनुसार बनारस पंचांग के अनुसार 12 अक्टूबर को द्वितीया, 13 को तृतीया,14 को चतुर्थी,15 को पंचमी,16 को षष्ठी,17 को सप्तमी, 18 को महाअष्टमी,19 को महानवमी और 20 को विजयादशमी है। मां का गमन मुर्गा पर हो रहा है, जो शुभ नहीं माना जाता है। वहीं मैथिली पंचांग के अनुसार उदयकाल में दशमी तिथि मिलने के कारण 21 को विजयादशमी मनाया जायेगा।
शारदीय नवरात्रि में माँ दुर्गा के 9 स्वरूपों की 9 दिनों तक पूजा की जाती है और 10वें दिन विजयादशमी (दशहरा) मनाया जाता है। प्रथम दिन शैलपुत्री द्वितीय ब्रह्मचारिणी तृतीय चंद्रघंटा चतुर्थ कूष्मांडा पंचम स्कन्दमाता षष्ठी कात्यायनी सप्तमी कालरात्रि अष्टमी महागौरी और नवमी को सिद्धिदात्री की पूजा होती है। मान्यता के अनुसार माता को हरेक दिन अलग अलग भोग चढ़ाए जाते हैं।



