महागामा के गोविंदपुर में 51 करोड़ 49 लाख की लागत से स्थापित होगा पशु आहार कारखाना।
गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर मौजा में पशु आहार कारखाने की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई। प्रस्तावित पशु आहार कारखाने की प्रारंभिक उत्पादन क्षमता 50 मैट्रिक टन प्रतिदिन (MTPD) होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 100 मैट्रिक टन प्रतिदिन किया जा सकेगा। इसके लिए 5.22 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। इस परियोजना पर लगभग 51 करोड़ 49 लाख की लागत आएगी। इस संबंध मे पिछले दिनों हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी प्रदान कर दी है।
झारखंड मिल्क फेडरेशन के माध्यम से 50 एमटीपीडी क्षमता वाले पशु आहार कारखाने की स्थापना के लिए राज्य मंत्रिमंडल ने 51 करोड़ 49 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 करोड़ की राशि के व्यय की स्वीकृति प्रस्तावित है।
महागामा के गोविंदपुर में पशु आहार कारखाने की स्थापना से गोड्डा एवं आसपास के क्षेत्रों के पशुपालकों को पशु आहार की किल्लत से राहत मिलेगी। साथ ही दुधारू पशुओं के लिए समुचित एवं संतुलित आहार की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे पशुओं के पोषण एवं उत्पादकता में सुधार के साथ-साथ क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन और डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पशुपालकों की उत्पादन लागत को नियंत्रित करने के साथ ही उनकी आय में भी वृद्धि होगी।
महागामा सहित गोड्डा जिले के किसानों एवं पशुपालकों द्वारा पशु आहार कारखाने की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस मांग की पूर्ति से क्षेत्र के पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी और पशुपालन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।



