धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस
रांची। सेंट गेब्रियल एण्ड मोनिका स्कूल एदलहातू मोराबादी में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर भारत के महान दार्शनिक, शिक्षक, लेखक और राजनेता डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। मौके पर शिक्षकों का तिलक लगाकर व पुष्प वर्षा कर सम्मान किया गया। वहीं विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों लिए मनोरंजक गेम्स का भी आयोजन किया गया। विजेता शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

मौके पर विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुषमा केरकेट्टा ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षकों का जीवन समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मालूम हो कि डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 में हुआ था। उनके सम्मान में हर वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। डॉ सुषमा केरकेट्टा ने शिक्षकों से अपने कर्तव्य पथ पर ईमानदारी, समर्पण एवं धैर्य के साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित स्कूल के विद्यार्थियों उपस्थित थे।








