सुरक्षित , समृद्ध और खुशहाल भविष्य के लिए बड़ा कदम : दीपिका पांडेय सिंह
राँची । जेएसएलपीएसी की नयी मानव संसाधन व्यवस्था ( एच आर पॉलिसी ) को हरी झंडी मिल गई है । ग्रामीण विकास , ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पहल के बाद ये संभव हो सका है । नयी व्यवस्था लागू होने से जेएसएलपीएसी में करीब 13 सौ अतिरिक्त पदों पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे । ये कदम संस्था की कार्य क्षमता को बढ़ाने के साथ – साथ राज्य के बेरोजगार युवकों को रोजगार के अवसर प्रदान करने में मददगार साबित होगा ।
नयी व्यवस्था से L 5 से L 8 तक के कर्मचारियों के वेतन में 60 प्रतिशत तक का इजाफा होगा । कर्मचारियों के लैपटॉप और संचार भत्ते में वृद्धि की गयी है । इसके साथ ही पहली बार कर्मियों को शिक्षा भत्ता के साथ व्यावसायिक विकास भत्ता मिलने जा रहा है । ये कदम कर्मचारियों के परिवार के शैक्षणिक विकास और उनके बौद्धिक ज्ञान के लिए लाभकारी सिद्ध होगा । कर्मी अब प्रतिमाह स्वास्थ्य लाभ के मद में 1 हजार रुपये तक का दावा कर सकेंगे ।
इतना ही नहीं नयी व्यवस्था में पात्र कर्मियों को ग्रेच्युटी , प्रखंड स्तर पर कार्यरत कर्मियों को क्षेत्र भ्रमण भत्ता में वृद्धि , जिला स्तर के कर्मियों को भी क्षेत्र भ्रमण भत्ते का लाभ के साथ कर्मचारियों के समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा राशि को 20 लाख से बढ़ा कर 30 लाख कर दिया गया है । वहीं समूह मेडिक्लेम बीमा राशि 5 लाख से बढ़ा कर 20 लाख कर दी गई है । ऐसा होने से कर्मचारियों और उनके परिजनों को गंभीर बीमारी एवं आकस्मिक चिकित्सा के समय बेहतर आर्थिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा ।
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा है कि कर्मियों के सुरक्षित , समृद्ध और खुशहाल भविष्य के लिहाज से ये बड़ा कदम है ।








