चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर रांची नगर निगम अलर्ट, कंट्रोल रूम का जारी किया नंबर, वार्डो में क्यूआरटी तैनात
रांची। अर्नब तूफान का असर रांची में व्यापक पड़ने की संभावना मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है। विभाग द्वारा 28 एवं 29 अक्टूबर को रांची में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बैठक कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके तहत स्वच्छता, ट्रांसपोर्ट एवं हॉर्टिकल्चर शाखा अगले तीन दिनों तक 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगी। शहर के 53 वार्डों के लिए चार जोन में 8 क्विक रिस्पांस टीमें तैनात रहेंगी। जलजमाव वाले क्षेत्रों, नालों, नदियों एवं झुके पेड़ों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जेसीबी, सुपर सकर मशीन, स्किड लोडर एवं मोटर पंप सहित आवश्यक संसाधन तैयार रहेंगे।
रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम (18005701235) 24 घंटे सक्रिय रहेगा। वहीं नगर निगम ने नागरिकों से अपील किया है कि अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, जलजमाव वाले क्षेत्रों एवं पेड़ों से दूर रहें तथा मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में नगर निगम के कंट्रोल रूम पर सूचना दें।



