रांची । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू ने मुलाकात कर शासन द्वारा छात्र हित में लिये गये निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कांग्रेस के मंत्री एवं विधायक भी उपस्थित थे। मालूम हो कि झारखंड सरकार ने 17 अगस्त को कैबिनेट की विशेष बैठक में जेपीएससी और जेएसएससी पर कड़ा निर्णय लिया है। छात्र हित में राज्य सरकार द्वारा लिए गये महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत कांग्रेस पार्टी ने करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही इन निर्णयों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और संवेदनशील पहल की सराहना की। मौके पर उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री से उन्होंने कहा कि आपके नेतृत्व में राज्य सरकार जनहित और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने के निर्णय से प्रभावित विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी तथा उनके भविष्य को लेकर उत्पन्न अनिश्चितता भी दूर होगी। मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू , झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कांग्रेस के मंत्री एवं विधायक के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर राज्य सरकार पूरी तरह संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लेती रही है, आगे भी लेती रहेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं उनके बीच राज्य में चल रहे विकासात्मक योजनाओं, जनहित एवं छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तृत संवाद हुआ। मौके पर मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक रामेश्वर उरांव, विधायक प्रदीप यादव, विधायक कुमार जयमंगल, विधायक राजेश कच्छप, विधायक रामचंद्र सिंह, विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, विधायक
भूषण बाड़ा एवं विधायक ममता देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।



