दुर्गा पूजा के मद्देनजर सुगम यातायात, विधि-व्यवस्था संधारण एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर पूजा पंडालों का भौतिक निरीक्षण
रांची । पूजा के दौरान आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने, विधि-व्यवस्था संधारण तथा पूजा पंडालों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं के प्रभावी नियंत्रण के लिए रांची पुलिस तत्पर है। सीनियर एसपी शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भौतिक निरीक्षण कर पदाधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दे रहे हैं।
एसएसपी ने मंगलवार देर रात निरीक्षण के क्रम में पूजा पंडालों के आसपास स्थित पार्किंग स्थलों, वाहनों के व्यवस्थित पड़ाव, बैरिकेडिंग की व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन किए जाने वाले स्थलों का जायजा ले रहे है। साथ ही, श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने, यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर स्थल निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, नगर; पुलिस अधीक्षक, यातायात; अपर पुलिस अधीक्षक, कोतवाली; पुलिस उपाधीक्षक, नगर तथा संबंधित स्थानीय थाना प्रभारी उपस्थित थे।
राँची पुलिस द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।



