मुहर्रम का निर्धारित रूट से ही जुलूस निकालें अखाड़ा समितिया सोशल मीडिया पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर, ड्रोन से होगी निगरानी

शांति समिति की बैठक में हुआ निर्णय

रांची। आगामी मोहर्रम शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन ने निगरानी रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक रांची उपायुक्त मंजूनाथ में कई भजन्त्री ने किया।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक, नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक, यातायात राकेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, जिला नजारत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार सहित संबंधित पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटी, महावीर मंडल, विभिन्न अखाड़ा समितियों एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

बैठक में सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटी, विभिन्न अखाड़ा समितियों एवं शांति समिति के प्रतिनिधियों ने मोहर्रम पर्व के सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं पर अपने सुझाव एवं मांगें रखीं। प्रतिनिधियों ने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्गों की स्थिति, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, एम्बुलेंस, अखाड़ों के लाइसेंस निर्गत करने, यातायात प्रबंधन तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपने विचार साझा किए। सभी प्रतिनिधियों ने आपसी भाईचारे एवं सांप्रदायिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में मोहम्मद इस्लाम, अकीलुर्रहमान, अजीत सहाय, परमजीत सिंह, जयसिंह यादव, सागर कुमार समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने सुझाव रखे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि शांति समिति एवं अखाड़ा समितियों द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा तथा प्रशासन की ओर से बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

उपायुक्त ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी समुदायों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों को अनावश्यक रूप से बड़ा न बनने दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रशासन एवं पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों एवं आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह या संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अखाड़ा समितियों एवं मोहर्रम कमेटियों से अनुरोध किया कि वे उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें। उन्होंने विशेष रूप से झंडों की निर्धारित ऊंचाई बनाए रखने तथा स्वीकृत जुलूस मार्गों में किसी प्रकार का परिवर्तन अथवा डायवर्जन नहीं करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अखाड़ा समितियां स्थानीय थाना से समन्वय स्थापित कर निर्धारित रूट से ही जुलूस निकालें।

बैठक को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्वों से कड़ाई से निपटा जायेगा। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों से कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल अपने खलीफा को दें तथा उसके बाद थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी एवं वरीय अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने कहा कि सभी जुलूस निर्धारित समय पर प्रारंभ हों तथा निर्धारित समय पर ही अपने गंतव्य तक पहुंचकर संपन्न हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। ड्रोन कैमरों के माध्यम से जुलूसों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, धार्मिक स्थलों पर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी ताकि कोई भी असामाजिक तत्व शांति एवं सौहार्द का वातावरण बिगाड़ने में सफल न हो सके।

बैठक के अंत में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों, मोहर्रम कमिटियों, शांति समिति के सदस्यों एवं आम नागरिकों से आपसी समन्वय, सहयोग एवं भाईचारे की भावना के साथ मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की।

Facebook
X
WhatsApp
Threads
Telegram
Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

आज की बड़ी खबरें